बुग्गी पर घायलों को ले जाता चालक। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। पाली-नकटौरा मार्ग पर गुरुवार की शाम ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से दो बाइक सवार घायल हो गए। घटना के बाद ट्रैक्टर लेकर चालक मौके से फरार हो गया। 108 एंबुलेंस का नंबर न मिलने पर परिजनों ने बुग्गी पर लादकर घायलों को सीएचसी ले गए। चिकित्सक ने दोनों की हालत नाजुक पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पाली थाना क्षेत्र के ग्राम रत्नापुर निवासी छोटू (18) गुरुवार को अपने साथी प्रतीक (18) के साथ बाइक से खीरा बेचकर लौट रहा था। नकटौरा मार्ग पर रत्नापुर पुलिया के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। दोनों बाइक से उछलकर दूर सड़क पर जा गिरे, दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चला रहा छोटू हेलमेट नहीं लगाए था। हादसे के बाद चालक टै्रक्टर-ट्राली लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर आ गए। परिजनों ने उसे सीएचसी ले जाने के लिए एंबुलेंस को कॉल की, लेकिन नंबर नहीं लगा, एंबुलेंस न मिलने पर परिजन दोनों को बुग्गी से लादकर पाली सीएचसी ले गए। जहां पर चिकित्सक ने दोनों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक संजय पांडेय ने बताया कि घटना संज्ञान में है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।