हरदोई। बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा गोंडाराव के मजरा रोहापार व मरेउरा में गुरुवार की दोपहर खेतों में अज्ञात कारण से आग लग गई। ग्रामीणों ने निजी संसाधनों से आग बुझाई, लेकिन तब तक दोनों जगह लगभग 10 बीघा गेहूं की फसल जल चुकी थी।
ग्राम रोहापार निवासी मुनकू गुरुवार की दोपहर गांव में स्थित पोलिंग बूथ पर वोट डालने गया था। इसी बीच खेत में खड़ी गेहूं की फसल में अज्ञात कारण से आग लग गई। आसपास मौजूद किसानों ने निजी संसाधनों से आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक लगभग 5 बीघा फसल जल चुकी थी। मरेउरा गांव में ऊपर से गुजरी विद्युत लाइन में स्पार्किंग होने पर गांव निवासी राकेश के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लगभग पांच बीघा फसल जलकर राख हो चुकी थी। वहीं आग की चपेट में आने पर गांव के ही राम सागर की डेढ़ बीघा गेहूं की फसल भी जल गई।