हरदोई। कछौना कोतवाली क्षेत्र के कलौली निवासी एक शख्स ने शनिवार रात नकदी और बाइक लूटे जाने की जानकारी यूपी 112 पर दी। घटना पता चलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। लगभग डेढ़ घंटे की विवेचना के बाद पता चला कि सूचना देने वाले ने देनदारी के विवादों से बचने के लिए लूट की फर्जी सूचना पुलिस को दी थी। अब पुलिस ने झूठी सूचना देने वाले युवक और उसके दोस्त के खिलाफ शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की है।
कलौली निवासी अरुण राठौर इन दिनों सोनपापड़ी की सप्लाई दुकानों पर करते हैं। शनिवार को वह वसूली के लिए प्रतापनगर गए थे। वहां से 15 हजार रुपये लेकर वापस आ रहे थे। बघौली में सब्जी की दुकान चलाने वाले पुनीत राठौर की दुकान पर अरुण को लगभग 20 लोगों ने मिलकर रोक लिया। इन लोगों ने पिछले चार साल से बकाया तकरीबन सवा दो लाख रुपये वापस मांगे। यह रुपये बीसी के नाम पर लिए गए थे। रुपये न होने की बात कहकर अरुण ने बाइक की चाबी दे दी और कहा कि रुपये वापस करने पर बाइक ले लेगा। जो बाइक अरुण ने पुनीत के यहां दी वह उसके दोस्त बरौली निवासी देशराज के नाम थी।
इसके बाद पुनीत ने देशराज को फोन कर बुलाया और पूरी घटना बताई। इसके बाद मतुआ पहुंचकर इन लोगों ने लूट की सूचना पुलिस को दे दी। थानाध्यक्ष अमित सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर गए। लगभग डेढ़ घंटे की पूछताछ और जांच के बाद हकीकत सामने आ गई। इस बीच यह भी पता चला कि पुनीत ने उक्त बाइक बघौली थाने में खड़ी करा दी थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि अरुण और देशराज का चालान शांतिभंग की आशंका में किया गया है।