जिले में संचालित नवोदय विद्यालय में प्रवेश पाने के लिए शहर के आठ परीक्षा केंद्रों पर शनिवार को प्रवेश परीक्षा हुई। परीक्षा में 4459 में से 2316 विद्यार्थी ही शामिल हुए। 2143 छात्र परीक्षा में अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर छात्रों को सीटों की जानकारी करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विभागीय अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों को निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिए।
बताते चले कि पिहानी ब्लाक में इटारा में संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश लेने के लिए प्रति वर्ष प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाता है। जिले के विभिन्न विद्यालयों में पढ़ने वाले 4459 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। प्रवेश परीक्षा के लिए शहर के आठ विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। इनमें जीआईसी में 1072, वेणी माधव बालिका इंटर कालेज में 716, आर्य कन्या पाठशाला इंटर कालेज में 671, आरआर इंटर कालेज में 800, जीजीआईसी में 234, रफी अहमद इंटर कालेज में 388, वैदिक विद्या मंदिर विद्यालय में 353 और गंगा देवी इंटर कालेज में 234 विद्यार्थियों के लिए परीक्षा की व्यवस्था की गई थी।
शनिवार को परीक्षा केद्रों पर प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदकों की भारी भीड़ जमा हो गई। विद्यार्थियों को कक्ष संख्या और सीट नंबर जानने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। इससे केंद्रों पर अफरा तफरी का माहौल रहा। परीक्षा केंद्र का डायट प्राचार्या डा. मीरापाल, डीआईओएस योगेश कुमार ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।