हरदोई। जीएसटी टैक्स कानून में विसंगतियों को बता अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों व व्यापारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया व राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र मोहन को सौंप कार्रवाई कराए जाने की मांग की।
कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन के दौरान व्यापार मंडल की ओर से जिला प्रभारी अब्बाद हुसैन ने कहा कि नवीन व्यापार कानून जीएसटी व्यापार व व्यापारी विरोधी होने के साथ ग्राहकों के लिए भी अप्रत्याशित महंगाई बढ़ाने वाला है। जीएसटी को लागू करने से पूर्व व्यापारियों के साथ किसी भी प्रकार का सीधा संवाद या प्रशिक्षण शिविर आयोजित नहीं किया गया। जिससे व्यापारी वर्ग कानून से अनभिज्ञ है। जिला उपाध्यक्ष शिवसेवक गुप्ता ने कहा कि देश में औसत टैक्स की दर पांच प्रतिशत से नौ प्रतिशत है। जबकि जीएसटी में इसको 18 प्रतिशत तक बढ़ाए जाने की बात सामने आ रही है।
टैक्स कानून में व्यापारियों का शोषण भी साफ दिखाई पड़ रहा है। छोटी सी गलती होने पर जेल होना बताया जा रहा है। त्रिस्तरीय जीएसटी होना भी गलत है यह सिर्फ एक प्रकार का ही होना चाहिए। प्रावधान में व्यापारी पर अव्यावहारिक जुर्माने का प्रावधान बनाया गया है जो पूर्णत इंस्पेक्टर राज और शोषण को बढ़ावा देने वाला है। इस मौके पर धीरेश गुप्ता, अशोक गुप्ता, लियाकत खां, सतीश, हरिप्रताप सिंह, दुर्गेश गुप्ता , मनीष चौहान आदि मौजूद रहे।