हरदोई। बावन ब्लाक के बाजपुर नकटौरा में ग्राम पंचायत और क्षेत्र पंचायत दोनों ने बनवा दी। जानकारी होने पर मुख्य विकास अधिकारी ने काम रुकवा दिया है, साथ ही खंड विकास अधिकारी और सेक्रेटरी को नोटिस देकर जवाब तलब कर लिया। सीडीओ ने पांच साल में ग्राम पंचायत की स्वीकृत कार्ययोजना का विवरण भी मांगा है।
गांवों में निर्माण व विकास कार्य कराने के लिए राज्य वित्त व 13 वें वित्त आयोग से धनराशि दी जाती है। बावन ब्लाक की ग्राम पंचायत बाजपुर नकटौरा में एक ही मार्ग का निर्माण हर साल कराया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक गांव में कच्ची रोड के निर्माण को ग्राम प्रधान ने वित्तीय वर्ष 2015-16 में कराया। जिसे इस बार भी कार्ययोजना में शामिल कर वर्ष 2016-17 में भी निर्माण शुरू करवा दिया।
जब निर्माण कार्य होने की बारे में जानकारी मिली तो उसको रोक दिया गया लेकिन कुछ समय बाद क्षेत्र पंचायत ने भी उसी मार्ग पर निर्माण शुरू करवा दिया। इसकी शिकायत मुख्य विकास अधिकारी से रामभजन, महेंद्र और प्रदीप आदि ने की। मुख्य विकास अधिकारी टीके शिबु ने मार्ग के काम को तत्काल रुकवा दिया और इस मामले में कार्रवाई कर दी। सीडीओ ने ब्लाक के खंड विकास अधिकारी प्रभु दयाल और गांव के सेक्रेटरी को नोटिस देकर जवाब तलब कर लिया।
साथ ही गांव का एक ही मार्ग बार बार कार्ययोजना में शामिल कर लिए जाने के मामले में पांच साल का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उपायुक्त मनरेगा राजनाथ प्रसाद भगत को जांच कराने के आदेश दिए। सीडीओ टीके शिबु ने बताया कि जांच कराई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।