हरदोई। लॉकडाउन में उपजी परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं के जनधन खाते में तीन माह तक पांच-पांच सौ रुपये प्रतिमाह के हिसाब से भेजने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में पांच-पांच सौ रुपये की पहली किस्त महिलाओं के खातों में पहुंच गई। धन निकासी के लिए बैकों में भीड़ न लगे इसके लिए प्रशासन पुख्ता इंतजाम कर रहा है।
जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक बीएन शुक्ला ने बताया कि जिन जनधन खातों के नंबर में आखिरी में दो या तीन है, उसका भुगतान चार अप्रैल को किया जाएगा। जिन खाताधारकों के जनधन खाते का अंतिम अंक चार या पांच है, उसका भुगतान सात अप्रैल को किया जाएगा।
इसी तरह छह या सात अंक जिन खाता संख्या के आखिरी में है, उनका भुगतान आठ अप्रैल को होगा। इसके अलावा जिन खाता धारकों के खाता संख्या में आखिरी अंक आठ या नौ है उसका भुगतान नौ अप्रैल को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनधन खाते में आए पांच-पांच सौ रुपये नौ अप्रैल तक न निकाल पाने की स्थिति में बाद के कार्य दिवसों में निकाले जा सकते हैं।
ग्राहक सुविधा केंद्रों व एटीएम से निकालें रुपया : एलडीएम बीएन शुक्ला ने बताया कि जनधन खाता का संचालन कर रहीं महिलाएं अपने खाते से धन का आहरण ग्राहक सुविधा केंद्रों और एटीएम से कर सकती हैं।