हरदोई। बेंहदर विकास खंड की ग्राम पंचायत बेंहदर खुर्द में लोकार्पण के अगले ही दिन वृहद गो संरक्षण केंद्र में मिली खामियों की जांच पूरी हो गई है। जांच टीम ने रिपोर्ट सीडीओ को भेज दी है। खामियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
1.20 करोड़ की लागत से बेंहदर खुर्द में वृहद गो संरक्षण केंद्र का निर्माण कराया गया है। नौ दिसंबर को क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा ने इसका शुभारंभ किया था। 10 को गो संरक्षण केंद्र में बनी फर्श कई जगह चटकी मिली थी, तो चरही और पानी पीने के लिए बनी हौद भी चटक गई थी। 11 दिसंबर को अमर उजाला ने इस संबंध में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। इसे संज्ञान में लेकर सीडीओ आकांक्षा राना ने उपनिदेशक कृषि डॉ. नंद किशोर और जल निगम के सहायक अभियंता की टीम जांच के लिए गठित की थी।
टीम ने 11 को गो संरक्षण केंद्र जाकर जांच की थी। गोपनीय रिपोर्ट सोमवार शाम सीडीओ को सौंप दी गई। सूत्रों के अनुसार निर्माण में कई खामियां मिली हैं। पशु शेड संख्या एक, दो, तीन और चार की चरही में दो दो स्थानों पर प्लास्टर चटका मिला है। पशु शेड में फर्श की ढाल ठीक नहीं है। पशु शेड के किनारे नाले के ऊपर डाले गए कवर कॉलम, खड़ंजे और चरही का ढाल भी सही नहीं है।
ऑफिस के पीछे की दीवार चटकी है। भूसा गोदाम के सामने बनी रैंप के प्लास्टर में भी कमी मिली है। कुछ अन्य कार्य अभी बाकी है। ठेकेदार को अभी 25 फीसदी भुगतान नहीं किया गया है। अनुबंध की शर्तों में एक वर्ष का रखरखाव शामिल है। इसलिए उक्त खामियों को जल्द दूर कराने के निर्देश दिए गए हैं।