हरदोई। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के बेटे को प्रोटोकॉल दिए जाने को लेकर गोपामऊ से भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने सोशल मीडिया पर तल्ख टिप्पणी की है। वाट्सअप पर एक ग्रुप में श्याम प्रकाश ने लिखा है कि यह जब प्रदेश अध्यक्ष थे तब पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहते थे कि थाने में दरोगा से कुर्सी की उम्मीद मत करना। फर्जी आदर्शवादी और-?
दरअसल इन दिनों स्वतंत्र देव सिंह के कार्यालय से उनके बेटे को प्रोटोकॉल देने के लिए जारी किया गया पत्र सुर्खियों में है। सोशल मीडिया के चर्चित पीएचएन ग्रुप पर यही पत्र डालकर एक जागरूक नागरिक ने टिप्पणी लिखी थी। इसके जवाब में विधायक श्याम प्रकाश ने स्वतंत्र देव सिंह के प्रदेश अध्यक्ष के कार्यकाल की याद दिला दी। विधायक श्याम प्रकाश ने लिखा कि जब यह प्रदेश अध्यक्ष थे तो पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से थाने में दरोगा से कुर्सी की उम्मीद न करने की बात कहते थे। विधायक की यह टिप्पणी दिन भर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी रही।
विधायक की सुनिए
लगता है कि मंत्री जी के स्टाफ में किसी ने यह गलती की है। स्वतंत्र देव सिंह तो अनुशासित नेता हैं और कार्यकर्ताओं को भी नसीहत देते रहते हैं। पता नहीं जलशक्ति मंत्री के कार्यालय से बेटे को प्रोटोकॉल देने का पत्र जारी हो गया।-श्याम प्रकाश, विधायक गोपामऊ