फोटो- 12- मृतक सत्यम गुप्ता। फाइल फोटो
हरदोई। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के टोडरपुर निवासी युवक बुधवार देर रात सकाहा के पास बनी अस्थायी दुकान के अंदर फंदे से लटका मिला। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे मेडिकल कॉलेज ले गए। यहां मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की बहन का दावा है कि पत्नी ने बुधवार रात नोकझोंक के बाद उनसे कहा था जाओ कहीं लटक जाओ जाकर। ससुरालीजनों पर भी उत्पीड़न का आरोप है।
टोडरपुर निवासी सत्यम गुप्ता (21) अपने बड़े भाई के साथ सकाहा के सावन मेला में लाई और शक्कर दाने बेचने की दुकान करते थे। यहां उन्होंने अस्थायी दुकान बना रखी थी। बुधवार देर रात सत्यम दुकान के अंदर ही फंदे से लटके मिले। गश्त पर आई पुलिस ने उन्हें देखा तो परिजन को सूचना दी। परिजन मेडिकल कॉलेज ले गए। यहां मृत घोषित कर दिया गया।
मृतक की बड़ी बहन मोनी ने बताया कि सत्यम की शादी बीते नवंबर को शाहजहांपुर के रोजा निवासी मोहिता के साथ हुई थी। आरोप है कि मोहिता आए दिन मायके जाने की जिद को लेकर विवाद करती थी। मोहिता ने रक्षाबंधन आने से कई दिन पहले से ही मायके जाने की जिद पकड़ ली थी। बीते शुक्रवार को मोहिता अपने पिता राम खिलावन के साथ मायके चली गई थी।
दावा और आरोप है कि सत्यम की ससुरालीजनों के साथ ही पत्नी से भी तीखी नोकझोंक बुधवार रात हुई थी। इस दौरान पत्नी ने उनसे कह दिया था कि कहीं लटक जाओ जाकर। परिजन ने इससे जुड़ी कुछ रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी हैं। प्रभारी निरीक्षक मार्कंडेय सिंह ने बताया कि परिजन ने पत्नी और ससुरालीजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
फोटो- 12- मृतक सत्यम गुप्ता। फाइल फोटो