हरदोई। भूमिगत गैस पाइपलाइन डाले जाने के बाद अब लीकेज, जोड़ और सड़क पार किए जाने के लिए खोदे जाने वाले गड्ढों ने सड़क और फुटपाथों को छलनी कर दिया है। सड़क के साथ ही सड़क से सटाकर खोदे जाने वाले गड्ढों से हादसों की आशंका बनी हुई है।
खाड़ी देशों में युद्ध से पहले ही घरों में एलपीजी सिलिंडर कनेक्शन के स्थान पर लिक्विफाइड नेचुरल गैस (एलएनजी) की पाइपलाइन शहर में डलवाई जा रही है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लि. की तरफ से एलएनजी की आपूर्ति शहर के कुछ मोहल्लों में शुरू भी करा दी गई है। वहीं शहर के अन्य मोहल्लों में भी भूमिगत पाइपलाइन डाले जाने के बाद अब फिर से जांच और सड़क आदि पार किए जाने के लिए गड्ढा खोदने का काम शुरू करा दिया गया है।
शहर के अमर जवान चौक, सिनेमा चौराहे के साथ ही धर्मशाला रोड पर दोनों ओर फुटपाथ पर गड्ढे खोदवाए गए हैं। इनमें गैस पाइपलाइन के पाइप तक खुले छोड़ दिए गए हैं। पाइप खुले होने से नहीं बल्कि गड्ढों के खुले होने और उनके आसपास मिट्टी के ढेर लगे होने से हादसों की आशंका है।
शहर के धर्मशाला रोड पर सड़क से सटाकर दोनों ओर फुटपाथ पर खोदे गए गड्ढों से आवागमन में राहगीरों को दिक्कतों के साथ ही हादसों की भी आशंका बनी हुई है। काम करा रहे ठेकेदारों की तरफ से अमर जवान चौक पर गड्ढे के चारों ओर चेतावनी पट्टी लगाई गई है जबकि धर्मशाला सड़क पर गड्ढों को यूं ही खुला छोड़ दिया गया है।
गैस पाइपलाइन के लिए खोदे गए गड्ढे से जलापूर्ति पाइपलाइन क्षतिग्रस्त
भूमिगत गैस पाइपलाइन पर काम के लिए अमर जवान चौक पर खोदे गए गड्ढे से भूमिगत जलापूर्ति की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। जलापूर्ति पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से करीब 24 घंटे तक पानी फुटपाथ पर बहता रहा। इससे पानी की बर्बादी के साथ ही उपभोक्ताओं को भी जलापूर्ति की समस्या से दो-चार होना पड़ा। नगरीय निकाय ने जलापूर्ति पाइपलाइन की मरम्मत कराकर दुरुस्त करा दिया है। इसके बाद जलापूर्ति सामान्य हो सकी।
भूमिगत गैस पाइपलाइन का काम एसपीसीएल के माध्यम से कराया जा रहा है। शहर में गड्ढे खोदवाए जाने की जानकारी हुई है। कंपनी के प्रतिनिधि और ठेकेदारों को गड्ढा खोदने के साथ ही चेतावनी पट्टी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। काम जल्द से जल्द कराते हुए गड्ढों को बराबर कर सड़क और फुटपाथ को फिर से उसी स्थिति में लाने के लिए निर्देशित किया गया है। -दिलीप कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी