हरदोई। पिछले लगभग छह माह से जनपद में असामाजिक तत्वों के लिए मुसीबत का सबब बने पुलिस अधीक्षक के तेवर नए साल में और तीखे हो जाएंगे। नए वर्ष के आगाज पर छह कोतवाली क्षेत्रों में 22 लोगों के खिलाफ गैंग्स्टर के तहत मामला दर्ज कर एसपी ने संदेश दे दिया है कि अंजाम का अंदाजा लगाना भी असामाजिक तत्वों के लिए संभव नहीं है।
एक साथ 22 लोगाें के खिलाफ गैंग्स्टर एक्ट की कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में भी खलबली मची हुई है। पिहानी कोतवाली पुलिस ने बहिरमा निवासी लालाराम और विवेक के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। दोनों अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त रहते हैं। संडीला कोतवाली पुलिस ने उन्नाव जनपद के औरास निवासी वीरेंद्र, संडीला के मोहल्ल मंडई निवासी सोनू, दुगई निवासी आरिफ और सद्दाम, बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के बेरियल खेड़ा निवासी यूनुस और अतरौली के तेंदवारी निवासी वसीम के खिलाफ गैंग्स्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। इन सभी पर गैंग बनाकर लूट की घटनाएं करने का आरोप है।
बेनीगंज कोतवाली पुलिस ने अतरौली थाना क्षेत्र के ढिकुन्नी निवासी अनुज पांडेय और यशवर्धन उर्फ सौरभ के खिलाफ गैंग्स्टर एक्ट में कार्रवाई की है। इन दोनों पर लूट की घटनाएं करने का आरोप है। शहर कोतवाली पुलिस ने बघौली थाना क्षेत्र के नयापुरवा निवासी अवनीश कुमार और टड़ियावां थाना क्षेत्र के हरसिंगपुर निवासी मुकेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की है।
दोनों पर अवैध शस्त्रों के बल पर लूट और चोरी की घटनाएं करने का आरोप है।
मल्लावां कोतवाली पुलिस ने रामपुर जनपद के बिलासपुर थाना क्षेत्र टांडा निवासी राजू उर्फ अशफाकुल नबी, रामपुर की ज्वालानगर रफत कॉलोनी निवासी शफीक, अजीमगर निवासी वसीम, काशीपुर निवासी राशिद और मेहंदीहसन के खिलाफ गैंग्स्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पांचों पर गोकशी के आरोप में कार्रवाई हुई है। कछौना कोतवाली पुलिस ने बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के चकपुरवा निवासी सचिन और विष्णु यादव, मझिला थाना क्षेत्र के जमुरा निवासी किश्वर, संडीला कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर निवासी रोहित रावत और कुरना निवासी सद्दाम के खिलाफ कार्रवाई की है। इन सभी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है।