हरदोई। शहर कोतवाली पुलिस ने गैंग्स्टर एक्ट में वांछित 15 हजार रुपये के इनामी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। गिरफ्तार किए गए इनामी अपराधी को पुलिस ने न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि पिहानी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा पिहानी के मोहल्ला खुरमुली निवासी जीशान के खिलाफ शहर कोतवाली में गैंग्स्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में जीशान की गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही थी, लेकिन वह फरार था। शहर कोतवाली पुलिस को मुखबिर की सूचना के आधार पर पिहानी में भैंसटा नदी पर बने पुल के पास से घेराबंदी कर शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। सीओ सिटी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शहर कोतवाली में एनडीपीएस का भी मामला दर्ज है। गिरफ्तार करने वाली टीम में शहर कोतवाल संजय पांडेय, निरीक्षक हरिनाम सिंह, दीवान रिंकू कुमार और सिपाही राजेंद्र कुमार व गौरव कुमार शामिल रहे।