तालाब में डालने से पहले गंबूजिया मछली दिखाते कर्मचारी। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। जिले में तेजी से बढ़ रहे मच्छर जनित रोगों को थामने की कवायद जिला प्रशासन ने शुरू कर दी है। मच्छरों के लार्वा को खाने वाली गंबूजिया मछली को जिले भर के तालाबों में डलवाया जाएगा। मंगलवार को तीन तालाबों में गंबूजिया मछली डाली गई। डीएम ने सभी अधिशासी अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के तालाबों में गंबूजिया मछली डालने के निर्देश दिए हैं।
इन दिनों मलेरिया, फाइलेरिया और डेंगू तेजी से फैल रहा है। इसकी मुख्य वजह मच्छर हैं। आम तौर पर जलभराव वाले स्थानों पर मच्छरों के लार्वा होते हैं।
डीएम अविनाश कुमार के निर्देशन में गंबूजिया मछली अलग-अलग तालाबों में डाली गई हैं। शहर के बेलाताली में दो हजार गंबूजिया मछली डालकर हैचरी भी बनवाई गई है। सीवीओ डॉ. जेएन पांडेय का कहना है कि गंबूजिया मछली मच्छरों के लार्वा को खा जाती है, जिससे ये बड़े नहीं हो पाते। उन्होंने बताया कि बेनीगंज के नई बाजार के निकट स्थित निचले जलाशय और बेनीगंज देहात के खेरवा मार्ग स्थित जलाशय में भी मछलियां डलवाई गईं हैं। इस दौरान बेनीगंज के अधिशासी अधिकारी महेश प्रताप श्रीवास्तव और अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश वैश्य मौजूद रहे।