हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के सथरी गांव निवासी एक बुजुर्ग ने बेटी के तिलक के लिए रुपये की व्यवस्था न हो पाने से परेशान होकर घर के सामने मवेशियों के लिए बने छप्पर में रस्सी से फंदा लगा लिया।
सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम खजुराहरा के मजरा सथरी गांव निवासी रामपाल (65) मजदूरी करते थे। रविवार सुबह छह बजे पत्नी सुशीला देवी उन्हें उठाने के लिए गईं तो देखा कि छप्पर में रस्सी के फंदे से उनका शव लटक रहा है। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। मृतक की पत्नी ने बताया कि शनिवार रात पुत्री सरला खाना लेकर गई तो उन्होंने खाना खाने से मना कर दिया।
पुत्री निशा का विवाह लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम गंगौली के मजरा भुड़िया निवासी बालक राम के पुत्र देवेंद्र से तय हुआ है। 15 अप्रैल को तिलक होना है। इसकी तैयारी चल रही थी। बताया कि पति तिलक में करीब दो लाख का खर्चा बता रहे थे। रुपये की कमी होने से वह काफी परेशान थे। मृतक के 11 पुत्र-पुत्रियां हैं। इसमें पांच पुत्र दिल्ली में मजदूरी करते हैं। छह पुत्रियाें में चार की शादी हो चुकी है।
पत्नी से कहा, सोमवार को चलेंगे हरदोई बाजार
पत्नी सुशीला ने बताया कि शनिवार दोपहर खाना खाने के दौरान वह कह रहे थे कि सोमवार को हरदोई चलकर बिटिया के तिलक के लिए कपड़े, तिलक का थाल आदि सामान लेने चलेंगे पर भगवान को कुछ और ही मंजूर था।