हरदोई। समाजवादी पार्टी के संस्थापक पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती शनिवार को मनाई गई। नगर पालिका परिसर स्थित पार्टी कार्यालय में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष शराफत अली ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने जनता की आवाज सड़क से लेकर संसद तक उठाने का काम किया।
सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच मुलायम सिंह यादव नेताजी के नाम से मशहूर थे। डॉ. राम मनोहर लोहिया के सानिघ्य में रहकर मुलायम सिंह यादव ने राजनीति शुरू की। 1992 में देश के समाजवादियों को एकत्र कर सपा का गठन किया था। पूर्व विधायक राजेश्वरी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने मुख्यमंत्री बनने पर चुंगी खत्म कर बड़ी राहत दी थी। साथ ही सभी सरकारी अस्पतालों में एक रुपये में इलाज देने की व्यवस्था कराई थी।
देश के शहीदों के शवों को उनके पैतृक घरों तक लाने की व्यवस्था की शुरूआत भी रक्षामंत्री रहते हुए मुलायम सिंह यादव ने कराई थी। उनके लिए कहा जाता था कि जिसने कभी न झुकना सीखा उसका नाम मुलायम है। जयंती कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष फूलचंद्र वर्मा, राहुल गुप्ता, अमित वाजपेयी, अजय सिंह पाल, जिला महासचिव चंद्रशेखर पाल, अवनिकांत वाजपेयी, रहमत अली मोनू, प्रदीप राजवंंशी आदि मौजूद रहे।
हरपालपुर में मनाई गई मुलायम सिंह की जयंती
सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती शनिवार को हरपालपुर में भी मनाई गई। भारत स्वाभिमान के जिला प्रभारी राम सिंह समेत कई लोगों ने मुलायम सिंह के चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की। राम सिंह ने कहा कि मुलायम सिंह अल्पसंख्यकों, पिछड़ों और दलितों के मसीहा थे। जीवन भर समाजवाद और समता मूलक समाज की स्थापना के लिए काम किया। इस दौरान वीरेंद्र सिंह यादव, राम शंकर यादव, गुड्डू यादव आदि मौजूद रहे।
जयंती पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
भरावन। पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। चरक हेल्थ केयर एंड रूरल डेवलपमेंट सोसाइटी के बैनर तले उक्त आयोजन डॉ. अश्वनी सिंह की निगरानी में हुआ। शनिवार को आयोजित उक्त शिविर में 342 मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। नेत्र रोगियों के परीक्षण के दौरान 42 मरीजों को मोतियाबिंद का ऑपरेशन करने के लिए चिंहित किया गया। अन्य मरीजों को उनकी आवश्यकता के अनुसार दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में नेत्र सर्जन डॉ. कोमल, नेत्र परीक्षक अनूप कुमार चौरसिया, डॉ. एकता तिवारी, डॉ. इनामुर्रहमान, डॉ. कुलदीप सिंह यादव, डॉ. यशी यादव आदि मौजूद रहीं।
फोटो-18-मुलायम सिंह यादव के चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित करते समर्थक। स्रोत आयोजक