हरदोई। बिलग्राम कन्नौज मार्ग पर ग्राम परसोला के पास आलू भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी ले जाया गया। जहां एक की हालत गंभीर होने पर उसे डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सांडी थाने के गांव नेकपुर निवासी भीष्म शनिवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली से आलू लेकर कन्नौज कोल्ड स्टोर में रखने के लिए जा रहा था। उसके साथ के गांव के चार लोग और ट्रैक्टर पर बैठे हुए थे।
रास्ते में ग्राम परसोला के पास सामने से आ रही एक गाड़ी को साइड देते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। जिसमें भीष्म (34), श्रवण(40), लखपति(18), गिरीश (35) और गिरीश का भतीजा(18) जख्मी हो गए।
सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी बिलग्राम भेजा गया। जहां पर डॉक्टर ने भीष्म की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य चारों को हल्की चोटें होने पर प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।