बाल बिहार स्कूल में बूथ के अंदर जुटी पीठासीन व अन्य मतदान कर्मी।
- फोटो : amarujala
हरदोई। अव्यवस्थाओं के बीच शनिवार शाम तक सीएसएन महाविद्यालय व आईटीआई से पोलिंग पार्टियों को बूथों के लिए रवाना कर दिया गया। देर शाम तक उनके बूथों पर पहुंचने का सिलसिला जारी था।
इससे पहले तेज धूप ने कार्मिकों व अफसरों को काफी परेशान किया और उन्हें ड्यूटी रिसीव करने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी। प्यास से व्याकुल लोग पानी के लिए इधर-उधर भटके।
सबसे ज्यादा समस्या उन महिला कार्मिकों को सामने आई जो अपने मासूम बच्चों को लेकर पहुंची थीं। किसी की सास तो किसी का पति बच्चों को संभाल रहा था। कुछ तो खुद गोद में लेकर ड्यूटी की तैयारियों में व्यस्त दिखीं। वाहन को तलाशने व ट्रकों से रवाना किए जाने के कारण कुछ कार्मिकों में नाराजगी भी दिखी।
जिले की आठ विधानसभाओं की 3005 पोलिंग बूथों पर रविवार को मतदान संपंन कराया जाएगा। जिसे लेकर 3005 पोलिंग पार्टियों को शनिवार को सीएसएन महाविद्यालय व आईटीआई से रवाना किया गया। इससे पहले सुबह छाया कोहरा जैसे-जैसे छटा सूरज के तेवर सख्त हो गए।
अधिकारियों से लेकर कर्मिक तक पसीने से तर दिखे। दोनों रवानगी स्थलों पर विधानसभावार पीठासीन अधिकारियों के लिए काउंटर लगाए गए और उन्हें मतदान कार्मिकों के साथ ड्यूटी रिसीव कराई गई। सामग्री रिसीव कर पार्टियां तय की गईं बसों पर सवार हो गईं।
कुछ क ो छोड़ दें तो शाम तक सभी पोलिंग पार्टियां अपनी-अपनी बसों में सवार थीं। कुछ जगह पीठासीन व मतदान कार्मिकों के न पहुंचने से समस्या उत्पन्न हुई। इसके अलावा पोलिंग पार्टियों को ले जाने वाले वाहनों को लेकर भी मतदान कार्मिकों में व्यवस्थाओं को लेकर खीझ दिखी।
बसों के साथ ट्रकों से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। इधर, आला अधिकारी काउंटरों का समय-समय पर निरीक्षण कर पोलिंग पार्टियों की रवानगी का पुरसाहाल लेते रहे। समस्त पंडालों पर होने कार्यों का निरीक्षण सीडीओ राधेश्याम ने किया।