हरदोई। लोकसभा चुनाव की चल रही नामांकन प्रक्रिया में नामांकन करने के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को संसदीय क्षेत्र हरदोई से चार और मिश्रिख से तीन लोगों ने नामांकन कराए हैं। बसपा प्रत्याशियों ने नामांकन के दो-दो सेट और दाखिल किए। शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी।
संसदीय क्षेत्र हरदोई के निर्वाचन अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि कुल 13 लोगों ने नामांकन कराए हैं। इसमें बृहस्पतिवार को लोक जनसंघर्ष पार्टी से ब्रह्मा प्रसाद, निर्दलीय ओम प्रकाश, नारी नर रक्षक पार्टी से मुन्नालाल और निर्दलीय सुनील कुमार वर्मा ने नामांकन पत्र जमा किए हैं।
संसदीय क्षेत्र मिश्रिख की निर्वाचन अधिकारी सौम्या गुरूरानी ने बताया कि तीन लोगों ने और नामांकन कराए हैं। कुल 11 लोगों के नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। बताया कि लोक जनसंघर्ष पार्टी से नीलम सिंह, निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भरत लाल और रामपाल ने नामांकन कराए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नामांकन पत्रों की आज से जांच होगी।