हरदोई। जिस घर में बेटे के शादी की खुशियां मनाई जा रही थी शुक्रवार को वहां मातम छाया था। नाती की बारात में शामिल होने के बाद घर लौट रहे पूर्व प्रधान की गुरुवार की रात सड़क हादसे में मौत हो गई थी। शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
थाना क्षेत्र अतरौली अंतर्गत सरवा निवासी पूर्व प्रधान रामजीवन कनौजिया (45) गुरुवार को संडीला निवासी नाती अमित की बारात में शामिल होने गए थे। बताया जा रहा है कि वह अपने पुत्र आकाश को साथ लेकर नाती अमित की बारात में शामिल होेने के बाद बाइक से वापस घर लौट रहे थे। संडीला अतरौली मार्ग पर ढिकुन्नी के पास तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। रामजीवन की मौके पर ही मौत हो गई थी और पुत्र आकाश घायल हो गया था।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायल पुत्र को भरावन सीएचसी में भर्ती कराया था। शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि यदि वह हेलमेट लगाए होते तो उनकी जान बच सकती थी।