हरदोई। शुक्रवार को श्रीराम के जयघोष के साथ 84 कोसी परिक्रमा के शामिल श्रद्धालुओं के आस्था का सैलाब साखिन गोपालपुर पड़ाव पहुंचा। रामादल में श्रीहरिभजन और पदयात्रा कर श्रद्धालु पुण्य कमा रहे हैं।
साखिन गोपालपुर में श्रद्धालुओं ने शंखेश्वर नाथ महादेव का पूजन-अर्चन और एक दिवसीय भागवत कथा का श्रवण किया। शनिवार को उल्लास और आस्था सैलाब फिर से सीतापुर जनपद की सीमा में प्रवेश कर जाएगा।
पौराणिक और आध्यात्मिक महत्व के तीर्थ नैमिषारण्य से चलकर 84 परिक्रमा यात्रा गिरधरपुर उमरारी के बाद टड़ियावां के साखिन गोपालपुर पहुंची। शंखेश्वर नाथ महादेव मंदिर के आसपास बाग और खेतों में साधु-संतों और गृहस्थों ने डेरा जमा लिया।
भजन-कीर्तन और भंडारे का आयोजन किया। परिक्रमा यात्रा के महामंत्री बाबा संतोष दास खाकी ने बताया कि देश के अलावा मॉरीशस, नेपाल से भी लोग आए हैं। 15 दिवसीय यात्रा में कुल 11 पड़ाव हैं। इसमें साखिन गोपालपुर पांचवां पड़ाव है।
सदर एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा ने तहसीलदार विनीत कुमार, नायब तहसीलदार अभिजीत गौरव सहित राजस्व टीम के साथ साधु-संतों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। यहां पर सीएचसी टडियावां के प्रभारी डॉ. सुशील कनौजिया, डाॅ. अनुज गुप्ता, कानूनगो प्रकाश पांडेय व रमाकांत गुप्ता, लेखपाल श्याम सिंह, थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।