हरदोई के बघौली थाने में पुलिस की हिरासत में गोतस्कर। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : HARDOI
प्रतापनगर-बघौली मार्ग पर गुरुवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में पांच गोतस्कर गिरफ्तार किए गए। उनके कब्जे से 35 गोवंश, एक कंटेनर, एक ट्रक व कार बरामद हुई है। फायरिंग में एक सिपाही व गोतस्कर घायल हो गया।
अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि सुबह करीब पौने छह बजे सर्विलांस टीम के प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह बघौली थानाध्यक्ष फूलचंद सरोज के साथ प्रतापनगर-बघौली मार्ग पहुंचे।
यहां उन्होंने चेकिंग कर दो ट्रकों के आगे चल रही स्विफ्ट डिजायर कार को रोकने का प्रयास किया तो कार सवारों ने फायरिंग कर दी। इसमें बघौली थाने में तैनात सिपाही ब्रजेश कुमार सोनी के बायें हाथ में गोली लगी। जवाबी फायरिंग में कार सवार मुजफ्फरनगर के सफीपुर पट्टी निवासी शफीक (36) भी घायल हो गया।
गोतस्करों की फायरिंग में बघौली थाने में तैनात सिपाही ब्रजेश कुमार सोनी के बायें हाथ में गोली लगने से घायल हो गया। एसपी ने बताया कि मौके से आजादनगर (इटावा) निवासी इमरान, सलमान, तौहीद, अजीमनगर (रामपुर) निवासी दानिश और लखीमपुर खीरी के मैगलगंज निवासी सलमान को गिरफ्तार किया गया है।
इनके कब्जे से एक ट्रक, एक कंटेनर, कार, दो तमंचे, चार कारतूस, दो खोखा और छह छुरी बरामद हुई हैं। कंटेनर और ट्रक से 35 गोवंश बरामद हुए हैं। एसपी ने बताया कि आरोपियों पर अन्य जिलों में दर्ज मामलों का ब्योरा निकलवाया जा रहा है।
हरदोई में मुठभेड़ में पुलिस की गोली से घायल शफीक से जानकारी लेते सीओ सिटी विजय कुमार राना। संवाद ?- फोटो : HARDOI