प्रधानी चुनाव प्रथम चरण के लिए शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन सोमवार को प्रशासनिक तैयारियों के दावे हवा होते नजर आए। ब्लाकों पर नामांकन कक्ष के बाहर सुरक्षा कर्मियों की कमी के चलते कक्ष दावेदारों के साथ आई भीड़ से घिरे रहे। कुल मिलाकर अफरातफरी के बीच प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्यों की सीटों पर 2192 नामांकन हुए।
प्रधानी चुनाव को लेकर प्रथम चरण में हरपालपुर, सांडी, माधौगंज, मल्लावां, बिलग्राम में सीटों के लिए नामांकन के पहले दिन सोमवार को ब्लाकों पर बेरिकेडिंग करा दी गई थी। समय जैसे जैसेे बीतते गया सुरक्षा व्यवस्था ढीली पड़ती गई। लोग बेरोकटोक इधर उधर से निकलने लगे। दोपहर बाद यह आलम हो गया कि नामांकन कक्षों के बाहर दावेदारों की भीड़ नजर आने लगी। इससे आरओ व एआरओ को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
आला अधिकारियों ने ली जानकारी
नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए भले ही काफी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हों लेकिन इसके बावजूद अधिकारी सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते रहे। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने फोन पर ब्लाकों के नामांकन कक्ष व परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते देखे गए।
फुर्सत मिली तो पसार लिए पैर
नामांकन कक्ष के बाहर तैनात पुलिस कर्मी वैसे तो पूरे समय अलर्ट नजर आए लेकिन जब मौका मिला तो आराम भी कर लिया। कोई झपकी लेते हुए तो कोई अखबार पढ़ते हुए दिखाई दिया। यही नहीं किसी किसी ने कुर्सियों की समुचित व्यवस्था कर अपने पैरों तक को आराम दे डाला।
मतदाता की सूची न होने से भी हुई अड़चन
ब्लाकों में नामांकन कक्षों में आवश्यक प्रपत्रों में भी कई कमियां होने के बाद कुछ अड़चनें आईं लेकिन उन्हें त्वरित गति से निपटा लिया गया। मतदाता सूचियों में गड़बड़ियां आरओ व एआरओ के लिए मुश्किलों का सबब बनती रहीं।
बुरौली, बैफरिया व कचाना से एक भी नामांकन नहीं
बिलग्राम। ब्लाक में हो रहे प्रधानी व ग्राम पंचायत सदस्यों में नामांकन प्रक्रिया के बाद आरओ श्रीराम ने बताया कि प्रधानी की अपेक्षा ग्राम पंचायत सदस्य के पदों पर नामांकन करने वाले दावेदारों की कमी नजर आ रही है। इसके अलावा पहले दिन बुरौली, बैफरिया व कचाना ग्राम पंचायतों पर प्रधानी पद के लिए किसी ने भी नामांकन नहीं कराया है।