अस्पताल में घायलों से पूछताछ करती पुलिस।
पिहानी। महमूदपुर गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद हवाई फायरिंग और जमकर ईंट-पत्थर चले। दोनों ओर से तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अस्पताल में पहुंचकर पूछताछ की।
महमूदपुर निवासी नत्थू ने बीती एक जुलाई को मुहर्रम के मौके पर घर के बाहर मजलिस का तबर्रुक बंटवाया था। आरोप है कि यहां से गांव निवासी हसन अब्बास के परिवार के बच्चों को भगा दिया। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट के बाद मामला शांत हो गया था।
आरोप है कि रंजिश मानते हुए हसन अब्बास पक्ष ने नत्थू पक्ष के बच्चे को पीट दिया। जवाब में हसन अब्बास को उस समय घेर लिया गया, जब वह अपने पुत्र को लखनऊ के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर छोड़ने जा रहे थे।
कुछ ही देर में दोनों पक्ष से लोग इकट्ठा हो गए और पथराव व हवाई फायरिंग होने लगी। पथराव में एक पक्ष से जफर अब्बास और उनके पिता मोहम्मद हसन व दूसरे पक्ष से कबीर घायल हो गए। तीनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
मारपीट में एक व्यक्ति का रायफल से फायरिंग करते हुए वीडियो भी हो रहा है। हालांकि, इसकी पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है। कोतवाल विद्या सागर पाल ने बताया कि गांव में शांति का माहौल है। तहरीर लेकर कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली गई है। जल्द ही आरोपी पर कार्रवाई की जाएगी।