बेहंदर। विद्युत चोरी के मामले की केस डायरी और आरोप पत्र गायब करने के आरोप में सेवानिवृत्त दरोगा के साथ ही लखीमपुर में तैनात दीवान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर कासिमपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक ने प्राथमिकी दर्ज कराई।
बेहंदर विद्युत उपकेंद्र में तैनात तत्कालीन अवर अभियंता रामराज सिंह कुशवाहा ने बेहंदर खुर्द निवासी गंगा प्रसाद के खिलाफ 10 साल पहले बिजली चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। यह मामला न्यायालय में लंबित है। आरोप पत्र और केस डायरी न्यायालय में दाखिल न होने की वजह से इस मामले की सुनवाई नहीं हो पा रही थी। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बीते दिनों न्यायालय में लंबित मामलों की समीक्षा की थी। इस दौरान पता चला कि केस डायरी और आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल न हो पाने की वजह से मामले की सुनवाई नहीं हो पा रही है।
एसपी ने सीओ बिलग्राम राम सूरत सोनकर से पूरे मामले की जांच कराई। इसमें पता चला कि कासिमपुर थाने से केस डायरी और आरोप पत्र सीओ संडीला के कार्यालय भेजे गए थे। यहां तैनात तत्कालीन उपनिरीक्षक (अब सेवानिवृत्त) कमलेश कुमार सिंह और दीवान विक्रम कुमार सिंह ने इन अभिलेखों को गायब कर दिया। प्रभारी निरीक्षक घनश्याम राम ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश पर कमलेश सिंह और विक्रम कुमार के खिलाफ अभिलेख गायब करने की प्राथमिकी दर्ज की गई है।