भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र के छतिहा रामपुर निवासी युवक के जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि सूदखोरी से परेशान होकर युवक ने खुदकुशी की थी। ब्याज पर रुपये देने वाले शख्स के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धाराओं में मामला दर्ज हुआ है।
छतिहा रामपुर निवासी विवेक त्रिवेदी (27) लखनऊ में चाचा मूलचंद्र के घर रहकर डिलीवरी ब्वॉय का काम करते थे। 16 अक्तूबर को विवेक गांव आए थे। शाम को घर पहुंचने पर उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इस दौरान उसने जहरीला पदार्थ खा लेने की बात परिजन से कही थी। 17 अक्तूबर को उपचार के दौरान लखनऊ मेडिकल कॉलेज में विवेक की मौत हो गई थी। इसी मामले में मृतक के पिता आलोकी त्रिवेदी ने गढ़ी निवासी अजीत सिंह पर प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने की प्राथमिकी दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि विवेक ने अजीत सिंह से वर्ष 2021 में 50 हजार रुपये 15 प्रतिशत प्रतिमाह ब्याज पर लिए थे। 2023 में विवेक ने कर्जा चुकाने के लिए दो लाख रुपये का लोन लिया था और यह रुपये भी अजीत को दे दिए थे। 16 अक्तूबर की दोपहर अजीत ने फोन कर विवेक को अपने घर बुलाया था। यहां उससे ब्याज और मूल रकम समेत 55 हजार रुपये वापस मांगे थे। इस पर विवेक ने कहा था कि 50 हजार रुपये लिए थे। बदले में चार लाख रुपये दे चुके हैं। यह सुनकर अजीत ने उसे बेइज्जत करते हुए खेत जोतने की धमकी दी थी। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।