रसखान प्रेक्षागृह में प्रशिक्षण प्राप्त करते जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट।
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम विवेक वार्ष्णेय ने शुक्रवार को रसखान प्रेक्षागृह में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में कहा कि गैरहाजिर सेक्टर मजिस्ट्रेटों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। उन्होंने कहा कि सभी मजिस्ट्रेट अपने-अपने सेक्टरों के मतदेय व मतदान केन्द्रों का अपने सेक्टर पुलिस अधिकारियों के साथ बूथों पर जाकर बिजली, पानी, रैंप, खिड़की-दरवाजों व शौचालयों को देख लें। यदि किसी बूथ पर इन व्यवस्थाओं में कमी पायी जाती है तो इसकी सूचना संबंधित एसडीएम दें। ताकि उसे दुरुस्त कराया जाए।
डीएम ने प्रशिक्षण के दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेटों से कहा कि वह सेक्टर पुलिस अधिकारियों के साथ गांव का भी भ्रमण करें और ऐसे स्थान व व्यक्तियों को चिन्हित करें जो दबंग हैं और गांववासियों को मतदान करने से रोकते हैं। ऐसे लोगों का नाम, पता निर्धारित प्रारूप पर दर्ज कर संबंधित एसडीएम भेजें। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट आठ बजे से अपने संबंधित एसडीएम से संपर्क कर लें और दिए गए निर्देशानुसार सभी सूचनाएं 25 सितंबर की शाम तक जरूर उपलब्ध करा दें। 25 सितंबर को समस्त बूथों पर बीएलओ 10 बजे से शाम चार बजे तक बैठकर नए मतदाताओं के फार्म भरवाएंगे।
डीएम ने कहा कि प्रशिक्षण में जो सेक्टर मजिस्ट्रेट गैरहाजिर हैं उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी जाएगी। इसके साथ ही जो शनिवार सुबह आठ बजे अपनी उपस्थिति अपने संबंधित एसडीएम के यहां नहीं देगें उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। एसपी उमेश कुमार सिंह ने कहा कि संवेदनशील, अतिसंवेदनशील स्थानों का चिन्हीकरण करा लिया जाए। उन्होंने कहा कि समय की बचत के लिऐ आपसी समन्वय जरूरी है और इसी के तहत सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट व्हाट्सएप का प्रयोग करें ताकि उन्हें कोई भी सूचना प्राप्त करनी है उसकी जानकारी तत्काल मिल सके और अधिकारी समय से अपने कार्यों को पूरा कर सकें। प्रशिक्षण में एडीएम कुन्ज बिहारी अग्रवाल ने सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को मतदान के संबंध में जानकारी दी। इस मौके पर सभी एसडीएम, पी.डी. सहित जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।