भरावन। कामकाज के सिलसिले में हुई दोस्ती की आड़ में एक शख्स ने नकली जेवर गिरवी रखकर सर्राफ से 90 हजार रुपये ले लिए। इसके अगले दिन अपनी पत्नी को फिर से दूसरे नकली जेवर रखने के लिए भेजा। इस बार सर्राफ ने उसे पकड़कर थाने पहुंचा दिया। पुलिस ने दंपती समेत तीन पर प्राथमिकी दर्ज की है।
ढिकुन्नी निवासी संतोष रस्तोगी की सर्राफ की दुकान पूजा ज्वेलर्स के नाम से अतरौली थाने के पास है। बताया कि सुनारी के काम के सिलसिले में उनकी मुलाकात कुछ समय लखनऊ निवासी राज रस्तोगी से हुई थी। संतोष ने बताया कि राज ने फोन कर चांदी का सामान गिरवी रखने के लिए कहा था। बीते 24 जून को राज रस्तोगी ने अपने भतीजे कार्तिक को दुकान पर भेजा। चांदी का सामान गिरवी रखकर 90 हजार रुपये ले गया। जब चांदी की जांच की गई तो यह नकली निकली।
25 जून को राज रस्तोगी की पत्नी ज्योती सोनी भी कुछ सामान गिरवी रखने के लिए दुकान आईं। संदेह होने पर जेवरों की जांच कराई गई तो वह भी नकली निकले। इस पर संतोष महिला को लेकर थाने पहुंचा और पुलिस में शिकायत की। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि राज रस्तोगी, उसकी पत्नी ज्योती सोनी और भतीजे कार्तिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।