बिलग्राम। सुलह के लिए बुलाई गई पंचायत में विवाहिता और उसके परिजनों को पति व ससुरालीजनों ने पीट दिया। इससे मौके पर अफरा तफरी मच गई। बीते शनिवार को तहसील परिसर में हुई घटना में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
सुरसा थाना क्षेत्र के साहिमपुर निवासी रोशनी की शादी 10 साल पहले बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के जरौली शेरपुर निवासी प्रदीप के साथ हुई थी। रोशनी के मुताबिक, पति और ससुरालीजनों से उसका विवाद चल रहा है। बीते शनिवार को बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने के लिए उसे बिलग्राम तहसील मुख्यालय में ससुरालीजनों ने बुलाया था। पति प्रदीप के साथ उनके परिवार के प्रमोद, हुकुमचंद और अशोक भी आए थे। रोशनी के साथ उसके चाचा, मां और बहन गई थी। आरोप है कि ससुरालीजनों ने उन लोगों पर हमला कर दिया। पीटकर घायल कर दिया। इससे मौके पर अफरा तफरी मच गई। कोतवाल अरविंद राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।