हरपालपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर के सतौथा व ककरा गांव में बड़ी संख्या में बुखार के मरीज मिलें है। बुखार पीड़ितों के मिलने पर जिला मुख्यालय से आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को शिविर लगाया।
शिविर में डेंगू की आशंका पर 24 मरीजों की डेंगू किट से जांच की गई। 156 बुखार के मरीजों को दवाएं वितरित की गईं। जिला मलेरिया अधिकारी डाॅ. जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में कंट्रोल रूम से डाॅ. राजेश वर्मा व डाॅ. सीबी सिंह, सीएचओ शिवम मिश्रा, एचएस श्याम सिंह, एलटी अजयपाल, अंकिता मिश्रा ने ककरा और सतौथा गांव जांच की। संदिग्ध मरीजों के घरों में कूलर, फ्रिज व एसी की जांच कर डेंगू मच्छर के लार्वा की जांच की। टीम ने डेंगू के 24 संदिग्ध मरीजों की डेंगू किट से जांच की है। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। सीएचसी अधीक्षक डाॅ. आनंद पांडेय ने बताया कि दोनों गांवों में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया गया है। फिलहाल अभी तक किसी मरीज में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई है।