हरदोई। बारिश और केबल जलने के कारण फीडर बंद होने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई। शनिवार और रविवार को लगातार हुए लोकल फॉल्ट के चलते दर्जनों मोहल्लों में घंटों बिजली गुल रही जिससे लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शहर के सांडी रोड विद्युत उपकेंद्र से जुड़े फीडर नंबर चार का केबल बॉक्स जल गया। इससे शनिवार शाम साढ़े सात बजे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। जो रात साढ़े नौ बजे के बाद शुरू हो सकी। इससे पूर्व मेनलाइन में खराबी के कारण साढ़े आठ बजे से साढ़े नौ बजे तक पूरा उपकेंद्र बंद रहा। वहीं मेनलाइन में फॉल्ट होने के कारण रविवार दोपहर एक से तीन बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
विद्युत उपकेंद्र मन्नापुरवा से जुड़े क्षेत्र की आपूर्ति रविवार सुबह साढ़े छह से नौ बजे तक तेज हवा व बारिश के कारण बंद रही। इसके बाद पौने चार बजे फिर मेनलाइन की आपूर्ति बंद हो गई। इससे पूर्व शनिवार को इनकमिंग मशीन में स्पार्किंग होने से आग लगने से उपकेंद्र की आपूर्ति शाम साढ़े पांच से साढ़े सात बजे तक बंद रही।
वहीं 100 ब्रेड व टाउन द्वितीय फीडर शाम छह से सवा सात तक बंद रहा। आशानगर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्र में सिटी हॉस्पिटल के पास एल टी लाइन का तार टूट गया। इससे रविवार को दोपहर डेढ़ से चार बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं आरटीओ विद्युत उपकेंद्र के ब्रेकर में खराबी आने से रविवार दोपहर सवा दो से चार बजे तक और शनिवार शाम छह, सवा सात बजे तक आपूर्ति बाधित रही। इससे उपभोक्ता बिजली न मिलने से परेशान हुए।
शहर में बिजली आपूर्ति को बेहतर करने के लिए कार्य कराए जा रहे हैं। बारिश के कारण कुछ तकनीकी समस्याएं आ गई थीं। उनको सही करा दिया गया है। -प्रेम प्रकाश सिंह, अधिशासी अभियंता