हरदोई। लोनार कोतवाली क्षेत्र के नकटौरा गांव में मंगलवार देर शाम तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से किसान की मौत हो गई। वह बीमार साले की तबीयत जानने ससुराल गए थे। हादसे के बाद परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां देर रात डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के पल्थुआ गांव निवासी खुशीराम (58) खेती करते थे। उनके भाई रघुवीर सिंह फौजी ने बताया कि खुशीराम की ससुराल नकटौरा गांव में है। उनके साले शिवकुमार की बीते कई दिनों से तबीयत खराब चल रही थी। मंगलवार शाम करीब पांच बजे खुशीराम साले का हालचाल जानने ससुराल पहुंचे थे। रात में वहीं रुक गए। शाम करीब 6:30 बजे खुशीराम और शिवकुमार घर के पास खेत की ओर टहलने गए थे। लौटते समय घर से करीब 50 कदम पहले पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक ने खुशीराम को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सिर के बल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि शिवकुमार बाल-बाल बच गए। परिजन तत्काल उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर गए लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार में पत्नी गुड्डी, बेटा अमित और बेटी नीतू का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई रघुवीर ने बताया कि अमित की शादी भी तय हो गई थी, तारीख निकलने आने वाली थी। शादी की तैयारियों के बीच खुशीराम की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। कोतवाल सुनील कुमार मिश्र ने बताया कि शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।