हरपालपुर। कोतवाली क्षेत्र के अचनकापुर गांव में खेत ब्रिकी का बकाया रुपये न मिलने से परेशान किसान ने रविवार दोपहर कमरे में रस्सी के फंदे से फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने पड़ोस के गांव के एक व्यक्ति पर रुपये मांगने पर धमकी देने का आरोप लगाया है।
अचनकापुर निवासी रोहित (24) खेती करता था। रविवार दोपहर उसकी पत्नी रहीना और मां सुषमा खेत पर गई थी। रोहित घर में अकेला था। इसी दौरान उसने फांसी लगाकर जान दे दी। दोपहर में घर पहुंची मां ने कमरे में पुत्र का शव लटकता देखा तो उसके होश उड़ गए।
परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। चाचा धनीराम ने बताया कि रोहित ने एक माह पूर्व 12 बिसवा खेत पड़ोस के गांव के एक व्यक्ति को बेचा था। बताया कि 20 हजार रुपये बकाया था।
बकाया मांगने पर रोहित को धमकी मिन रही थी। इससे परेशान होकर उसने खुदकुशी कर ली। मृतक का बेटा सत्यम है। प्रभारी निरीक्षक उमाकांत दीपक ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।