पचदेवरा (हरदोई)। थाना क्षेत्र के ग्राम घानूनगला में सोमवार देर शाम दरवाजे भैंस पहुंचने पर तीन भाइयों ने किसान की लाठी डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की है।
घानूनगला निवासी सुनील उर्फ बबलू (47) पुत्र चंद्रपाल गांव में ही खेती करता था। सोमवार शाम उसकी भैंस परिवार के ही विद्यासागर के मकान के बाहर पहुंच गई। इसको लेकर विद्यासागर ने अपने पुत्र विनय व भाइयों रामसागर और गुड्डू के साथ मिलकर सुनील से गालीगलौज करना शुरू कर दिया। सुनील ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों से वार कर दिए।
सुनील मौके पर ही गिर गया, जबकि आरोपी फरार हो गए। गांव के चौकीदार मुकेश नेे घटना की जानकारी पुलिस को दी और सुनील को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली पहुंचा। पाली सीएचसी पर चिकित्सकों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। पचदेवरा पुलिस, सीओ शाहाबाद राकेश वशिष्ठ घटनास्थल पर पहुंचे और जानकारी ली। मृतक के भाई रिंकू की तहरीर पर विद्यासागर, राम सागर और गुड्डू पुत्रगण राजाराम व विनय पुत्र विद्यासागर के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
भूमि विवाद की आग भड़की
सूत्रों के मुताबिक मृतक और आरोपियों के बीच एक वर्ष से रंजिश चल रही है। सुनील उर्फ बबलू के घर के सामने उसकी चार हजार वर्ग फीट खाली भूमि पड़ी है। ये भूमि सुनील ने गांव निवासी एक व्यक्ति को बेच दी थी। सुनील के परिवार के ही विद्यासागर व अन्य आरोपियों ने दूसरी बिरादरी के व्यक्ति को जमीन बेचने पर नाराजगी जता उसे यहां न बसने देने की बात भी कही थी। इसको लेकर विद्यासागर और सुनील के बीच रंजिश चल रही थी। किसे पता था भूमि विवाद की आग इतना भड़क जाएगी।
सुनील का एक भाई नन्हूं पानीपत में नौकरी करता है। इन दिनों खेतों में गेहूं की फसल हो रही है। खाद व सिंचाई के लिए रुपयों की आवश्यकता थी। इसलिए सुनील ने पत्नी सुनीला और तीनों बच्चों को पानीपत भाई से रुपये मांगने के लिए भेजा था।