मल्लावां। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बांसा निवासी किसान की हत्या के मामले का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। अवैध संबंधों के चलते किसान की हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया गया था। हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ग्राम बांसा निवासी सुशील कुमार (27) पुत्र विजय कुमार किसान था। 18 जून की शाम वह गांव में ही घूमने जाने की बात कहकर निकला था। 19 जून की देर शाम उसका शव गांव में ही स्थित तजउआ तालाब में पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम में सिर में चोट लगने के कारण मौत होने की पुष्टि हुई थी। मृतक के पिता विजय कुमार ने गांव निवासी छोटेलाल उर्फ गद्दार व राम सिंह पुत्र बाबू के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसपी ने मामले का खुलासा करने के लिए मल्लावां के अतिरिक्त निरीक्षक ज्ञानप्रकाश तिवारी को लगाया था। रविवार को ज्ञानप्रकाश तिवारी को पता चला कि दोनों आरोपी नयागांव चौराहे पर मौजूद हैं।
पुलिस छोटेलाल और उसके छोटे भाई सूरज कुमार को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। छोटेलाल ने पुलिस को बताया कि सुशील से उसकी गहरी दोस्ती थी। सुशील की पत्नी की मौत डेढ़ वर्ष पूर्व हो गई थी। इसके बाद सुशील के अवैध संबंध छोटेलाल की भाभी से हो गए थे। 17 जून की रात सुशील छोटेलाल के घर में मोबाइल चार्ज करने के बहाने गया था। इसी दौरान छोटेलाल ने सुशील को अपनी भाभी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। यह बात छोटेलाल ने अपने भाई सूरज को बताई।
18 जून की सुबह छोटेलाल सुशील को उसके घर से बुला लाया और तालाब के पास बगिया में ले जाकर कच्ची शराब पी। नहाने के बहाने कपड़े निकलवा लिए। जैसे ही सुशील तालाब के पास पहुंचा वहीं सूरज और छोटेलाल ने सिर पर लाठियों से वार कर सुशील की हत्या कर दी और शव तालाब में डाल दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल और हत्या में इस्तेमाल डंडे भी बरामद कर लिए।