हरदोई। बीती नौ दिसंबर को सड़क हादसे में घायल अधेड़ की शनिवार रात मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। हादसा अरवल थाना क्षेत्र के कन्नौज-श्रीमऊ मार्ग पर देवकल तिराहे के पास हुआ था।
अरवल थाना क्षेत्र के तेरापुरसौली के मजरा सेमरा निवासी धनीराम (52) खेती करते थे। भाई राजपाल के मुताबिक, धनीराम का पंपिंग सेट खराब हो गया था। बीती नौ दिसंबर को धनीराम ट्रैक्टर पर पंपिंग सेट लेकर देवकली तिराहा मरम्मत कराने के लिए गए थे। पंपिंग सेट की दुकान के सामने उन्होंने ट्रैक्टर रोक दिया था। ट्रैक्टर से उतरकर वह पैदल ही सड़क पार करने लगे। इस दौरान बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना में धनीराम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कॉलेज से लखनऊ रेफर कर दिया गया था। परिजन लखनऊ के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज करा रहे थे।
शनिवार शाम धनीराम की हालत बिगड़ गई। चिकित्सक ने उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह परिजनों को दी। इस पर परिजन उन्हें फिर से मेडिकल कॉलेज हरदोई ले आए। यहां देर रात उनकी मौत हो गई। परिवार में पत्नी विमला देवी, पांच पुत्र और एक पुत्री है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।