हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। वह अपने कमरे में फर्राटा पंखे का तार स्विच बोर्ड में लगा रहे थे, तभी करंट की चपेट में आ गए। परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के पूरा बहादुर गांव निवासी वीरपाल (42) जिंदपीर चौराहे के पास किराये के मकान में रहते थे और खेती करते थे। वीरपाल के बड़े भाई चरण सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार रात वीरपाल फर्राटा पंखे का तार लगा रहे थे। इसी दौरान उसे करंट लगा और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। पड़ोसी गोपी सिंह के पुत्र ने जमीन पर पड़ा देख परिजन को सूचना दी। भतीजा शिवांश पड़ोसियों की मदद से उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गया। हालांकि, डॉक्टरी परीक्षण में उसे मृत घोषित कर दिया गया। चरण सिंह ने बताया कि वीरपाल का विवाह वर्ष 2008 में हुआ था। कुछ वर्षों बाद पत्नी उन्हें छोड़कर चली गई थी उनकी कोई संतान नहीं थी। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजन ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।