हरदोई। मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के मझिया जफरपुर में किसान को बृहस्पतिवार रात पिकअप ने कुचल दिया। इससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक पिकअप समेत भाग निकला।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के मझिया जफरपुर निवासी लालाराम (45) खेती करते थे। गांव के पास ही उनका खेत है। बृहस्पतिवार की देर शाम वह खेत पर गए थे। वहां काम खत्म करके वह रात करीब 9:30 बजे पैदल घर जा रहे थे।
गांव के खड़ंजा बिछे रास्ते पर दूध लदे पिकअप ने उन्हें कुचल दिया। इससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए। मृतक के बड़े भाई हरिशंकर ने बताया लालाराम की पत्नी की मौत सात साल पहले हो चुकी है।
उधर, सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि परिजनों से तहरीर ली गई है। पिकअप के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ा जाएगा।