हरपालपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरहुली निवासी किसान का शव शुक्रवार सुबह गांव के पास से गुजरी रामगंगा नदी में उतराता मिला। परिजनों ने शौच के दौरान नदी में गिरकर डूबने की आशंका जताई है।
बरहुली निवासी छोटे (59) किसान थे। रामगंगा नदी के दूसरे छोर पर उनके खेत भी हैं। शुक्रवार तड़के तीन बजे घर से नदी किनारे शौच जाने की बात कहकर निकले थे।
सुबह आठ बजे कुछ चरवाहों ने छोटे का शव रामगंगा नदी में उतराता देखा तो उनके पुत्र मुनेंद्र को सूचना दी। ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे मुनेंद्र ने शव को नदी से निकलवाया और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी की मौत दो वर्ष पहले हो चुकी है। परिवार में पुत्र मुनेंद्र और पुत्री श्रीदेवी है। हरपालपुर के प्रभारी निरीक्षक भगवान चंद वर्मा ने बताया कि घटना को लेकर कोई आरोप नहीं लगाए गए हैं।