हरदोई। शहर में मंडी के पास लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुए किसान बाजार का शनिवार शाम मुख्य अतिथि विधानसभा उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल ने उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि बाजार में एक छत के नीचे किसानों को कई सुविधाएं मिलेंगी। दुकानें भी किसानों को ही आवंटित की गईं है।
उन्हाेंने कहा कि किसानों का हित ही केंद्र व प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। किसानों से अपील है कि वह जागरूक हों और योजनाओं का लाभ लें। मंडी सचिव बबलू लाल ने बताया कि किसान बाजार लगभग 10186 वर्ग मीटर में बना है। बाजार में 24 दुकानें, एक मल्टी परपज हॉल व एंकर स्टोर, गेस्ट सूट व किचन आदि बने हैं। अधिकांश दुकानों का किसानों को लाटरी से आवंटन किया जा चुका है। इस मौके पर उप निदेश मंडी निर्माण शाखा लखनऊ, विद्युत विभाग के अवर अभियंता अनुज कुमार तिवारी व अभियंता कपिल कुमार सैनी आदि मौजूद रहे।
किसानों को व्यवसाय से जोड़ना उद्देश्य
मंडी सचिव बबलू लाल ने बताया कि किसान बाजार बनवाए जाने का मुख्य उद्देश्य किसानों को व्यवसाय से जोड़ना है। इससे वह समृद्ध बनेंगे। बताया कि मंडी में बनी दुकानों में किसानों का एक निर्धारित रिजर्वेशन भी है। दुकानें 90 साल की लीज पर दी जाती हैं। इस बाजार में स्थित दुकानों में किसान कृषि से संबंधित कारोबार के साथ अन्य काम भी कर सकते हैं।