- डीएम ने स्कूलों में बिजली कनेक्शन, चारदीवारी में देरी पर की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। परिषदीय स्कूलों में बिजली कनेक्शन दिए जाने और चारदीवारी बनवाए जाने में देरी व लापरवाही पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता से जवाब-तलब किया है। पिहानी, सुरसा और मल्लावां के बीईओ और बीडीओ के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी है।
डीएम ने शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक वार जानकारी ली। विकास खंड मल्लावां और सुरसा में एक-एक स्कूल में चारदीवारी नहीं बन पाई है। कहा की सभी विद्यालयों में किचन शेड एक माह में बनवा लिए जाए।
भरावन के दलेलपुर और सुरसा के छोटी अस्योली स्कूल में बिजली कनेक्शन न होने पर अधिशासी अभियंता से जवाब-तलब किया। मल्लावां में ध्वस्तीकरण में देरी और बैठक में बीईओ की गैरहाजिरी पर नाराजगी जाहिर की। सांडी की पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी सपना रावत के निलंबन की संस्तुति किए जाने के भी बीएसए को निर्देश दिए।
कहा कि विद्यालयों में निर्माण को समय और गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए। निशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण जल्द पूरा किया जाए। माध्यमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में कहा कि स्कूलों में विशेष नामांकन अभियान चलाया जाए। सीडीओ सौम्या गुरूरानी, डीआईओएस बाल मुकुंद प्रसाद, बीएसए विजय प्रताप सिंह सहित अधिकारी मौजूद रहे।