हरदोई। जिले के चार हजार परिषदीय विद्यालयों में आठ नवंबर को विशेष परीक्षा आयोजित होगी। इसमें एक लाख 95 हजार छात्र-छात्राएं एमओआर शीट पर परीक्षा देंगे। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए कई टीमें लगातार भ्रमण करेंगीं। नकल पाए जाने पर केंद्र व्यवस्थापक प्रधानाचार्य पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।
प्रभारी डायट प्राचार्य जिला विद्यालय निरीक्षक वीके दुबे ने बताया कि लर्निंग आउटकम यानी विशेष परीक्षा के सफल संचालन के लिए सुपर जोनल मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट व जिला स्तरीय सचल दल परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए लगातार निरीक्षण पर रहेंगे। वहीं सभी खंड शिक्षा अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्र में सचल दल के रूप में तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर आयोजित की जा रही लर्निंग आउटकम परीक्षा सुबह साढ़े 10 से दोपहर साढ़े 12 बजे तक जनपद के समस्त प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में होगी, जिसमें कक्षा 5 से लेकर कक्षा 8 तक के एक लाख 95 हजार छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। परीक्षा के सफल एवं स्वच्छता पूर्ण ढंग से आयोजन के लिए जनपद में सभी ब्लॉकों में पर्यवेक्षक के रूप में दूसरे विद्यालय के प्रधानाध्यापकों व इंचार्ज अध्यापकों को लगाया गया है। वहीं प्रश्न पत्रों को गुरुवार को समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को उपलब्ध करा दिया गया है।
गुरुवार की सुबह संकुल प्रभारी द्वारा पर्यवेक्षक या नोडल अधिकारियों को सुबह उपलब्ध कराए जाएंगे। परीक्षा के उपरांत प्रयोग किए गए प्रश्न पत्र और ओएमआर शीट एक लिफाफे में सील करनी होगी व बिना उपयोग वाले प्रश्न पत्र व ओएमआर शीट दूसरे लिफाफे में सील बंद कर परीक्षा के उपरांत संकुल प्रभारी के पास जमा करना होगा। जिसकी जिम्मेदारी पर्यवेक्षक व नोडल अधिकारी की होगी। जनपद के सभी विकास खंड स्तर पर विकासखंड में संचालित सभी विभागों के अधिकारियों कर्मचारियों को उड़नदस्ते के रूप में न्याय पंचायत वार लगाया गया है जो न्याय पंचायत वार सभी स्कूलों में नकल विहीन परीक्षा कराएंगे।