सरकरी गल्ले की दुकानों में पूर्व सैनिकों के लिए आठ
प्रतिशत आरक्षण दिलाने समेत कई मांगों को लेकर भूतपूर्व सैनिक वेलफेयर
एसोसिएशन के पदाधिकारियों व पूर्व सैनिकों ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट परिसार
में उत्थान महारैली का आयोजन किया तथा जिलाधिकारी रमेश मिश्र को ज्ञापन
सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
रैली का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष दीपक
शुक्ल ने कहा कि सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों में पूर्व सैनिकों का आठ
प्रतिशत आरक्षण होने के कारण पूर्व सैनिकों को दुकानों का आवंटन किया जाए।
पूर्व सैनिकों द्वारा रोजगार के लिए दूसरे प्रांतों से निर्गत शस्त्र
लाइसेंसों को जिले के शस्त्र विभाग में पंजीकरण कराया जाए तथा उसका
नवीनीकरण किया जाए।
जनपद में सैनिक अस्पताल के लिए भूमि आवंटित होने के
उपरांत निर्माण कार्य में विलंब न कर निर्माण कार्य शीघ्र करवाया जाए। इस
दौरान भूतपूर्व सैनिकों ने जिलाधिकारी रमेश मिश्र को ज्ञापन सौंपकर
कार्रवाई की मांग की। दिए गए ज्ञापन में उक्त के अलावा सैन्य बंधुओं की हर
माह बैठक कराने, जिले में स्थाई सीएसडी कैंटीन न होने तक वैकल्पिक कैंटीन
के संचालन की मांग की गई। इस मौके पर राकेश पांडे, आनंद सिंह, अनिल शुक्ला,
ऋषि बाजपेई, विनोद शर्मा, राजकुमार आदि मौजूद थे।