हरदोई। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में हुई जनसभा में बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा को घेरने की कोशिश की। कहा कि हवाई अड्डे बेच दिए, हवाई जहाज बेच दिए, पानी के जहाज बेच दिए, रेलवे स्टेशन और उसकी कीमती जमीन और रेलगाड़ियां भी बेच रहे हैं। सब कुछ बेच ही देंगे तो नौजवानों को नौकरियां कहां से देंगे।
उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनते ही 11 लाख से ज्यादा नौकरियां बेरोजगारों को दी जाएंगी। अखिलेश के 21 मिनट के भाषण में 18 मिनट तक भाजपा ही निशाने पर रही। इस दौरान उन्होंने किसी भी अन्य विपक्षी दल का नाम तक नहीं लिया। शुरुआती दो मिनट और आखिरी एक मिनट में अपने सभी आठों पार्टी प्रत्याशियों का नाम लेकर जनता से उनका सहयोग करने की अपील की। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश शनिवार को शहर के जीआईसी ग्राउंड में युवाओं और किसानों समेत बड़े वर्गों को साधने पर ज्यादा ध्यान दिया। कहा कि सपा सरकार में किसानों की मदद के लिए अलग से बजट की व्यवस्था की जाएगी। युवाओं की दुखती रग पर हाथ रखते हुए कहा कि भाजपा ने यूपीटेट, सीटेट और बीटीसी वालों के साथ धोखा किया है। कभी परीक्षा रद्द तो कभी प्रश्नपत्र आउट होता है।
उन्होंने युवाओें से सभा में सवाल उछाला कि क्या उन्हें नौकरी मिली। कहा कि सपा सरकार बनने पर प्रदेश के खाली 11 लाख पदों पर युवाओं को नौकरी दी जाएगी। किसानों से हामी भरवाते हुए पूछा कि मुख्यमंत्रीजी का प्रिय जानवर सांड़ लोगों को टक्कर मारकर जान ले रहा है कि नहीं, फिर तंज कसा कि पता नहीं योगी जी लैपटॉप के नाम पर कौन सा टैबलेट देते रहे जो किसी को नहीं मिला। सवाल किया कि जिलेभर के युवाओं में किसी को भी लैपटॉप मिला क्या। लखीमपुर में किसानों की मौतों का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री पुत्र को जमानत मिली। कहा कि जनता की अदालत में भाजपा की जमानत जब्त होगी। उन्होंने पार्टी प्रत्याशी अनिल वर्मा, पद्मराग सिंह यादव पम्मू, ऊषा वर्मा, राजेश्वरी देवी, रामबली वर्मा, सुनील अर्कवंशी, आसिफ खां बब्बू और बृजेश वर्मा के लिए जनता से सहयोग मांगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि काका चले गए तो बाबा भी चले जाएंगे। काका मतलब तीन काले कानून चले गए हैं, तो बाबा यानी योगी भी चले ही जाएंगे। इस बार जब वोट पड़ेगा, तो जनता इनको माफ नहीं साफ कर देेगी। बीएड, टेट अभ्यर्थियों के लिए लाखों लाख नौकरियां खाली हैं। हम उन्हें देंगे। रोजगार सेवक, आंगनबाड़ी कार्यकर्र्ता, आशा-बहुओं की भर्तियां होंगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि इस डबल इंजन की सरकार में अगर कुछ डबल हुआ है, तो केवल महंगाई और भ्रष्टाचार। कहा कि सपा सरकार में माताओं और बहनों को पहले 500 रुपये पेंशन मिलती थी। इस बार डेढ़ हजार और ढाई हजार रुपये पेंशन देंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य व फौज में नई भर्तियां की जाएंगी। रोजगार के नए अवसर बनाए जाएंगे।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पहले और दूसरे चरण के मतदान हो चुके हैं। इनमें सपा 100 सीटें जीतकर पहला शतक लगा चुकी है। अगले दो चरणों के मतदान में एक और शतक लगाएगी। सातवें चरण के मतदान तक भाजपा के बूथों पर भूत नाचेंगे। भाजपा गर्मी निकालने की बात कर रही थी, पहले दो चरणों के मतदान में ही खुद ठंडी पड़ गई है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सुनने और उनको अपना चेहरा दिखाने की होड़ में समर्थकों व कार्यकर्ताओं ने ग्राउंड में लगाई गई बैरिकेडिंग, बेंच और कुर्सियां तोड़ डालीं। जनसभा के बाद करीब 18 कुर्सियां और चार बेंच टूटी मिलीं। अखिलेश यादव के पूरेे भाषण के दौरान कार्यकर्ताओं में अपने नेता के सामने चेहरा दिखाने की होड़ मची रही।
हरदोई में अखिलेश यादव की जनसभा में मौजूद पार्टी कार्यकर्ता व भाषण को सुनने आए लोग।- फोटो : HARDOI