हरदोई। रोजमर्रा के दिनों में शहर की व्यस्ततम सड़कों पर यदि जाम लगे तो समझ आता है, लेकिन शनिवार को साप्ताहिक बंदी के दिन धर्मशाला रोड जाम से जूझे तो सुनने में भी अटपटा लगता है। जाम का कारण नर्सिंगहोम और मेडिकल स्टोर के सामने खड़े होने वाले आड़े तिरछे वाहन ही रहे। करीब आधे घंटे बाद काफी जद्दोजहद के बाद जाम खुलवाया जा सका।
शहर के धर्मशाला रोड पर एक नर्सिंगहोम और उसके सामने कई मेडिकल स्टोर हैं। यहां सुबह से लेकर रात तक दोपहिया और चौपहिया वाहन खड़े रहते हैं, वह भी आड़े तिरछे। इसके चलते दिन में कई कई बार जाम लगता है। शनिवार को तो हद तब हो गई जब साप्ताहिक बंदी के दिन सभी प्रतिष्ठान बंद रहे, सिर्फ नर्सिंगहोम और सामने वाले मेडिकल स्टोर ही खुले रहे, लेकिन उसके सामने खड़े वाहनों के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। वाहन सवारों ने स्वयं उतर कर आड़े तिरछे खड़े वाहनों को सही कराया। इसके बाद ही इधर से गुजर सके। इस संबंध में नगर पालिका ईओ रविशंकर शुक्ल का कहना है कि इससे पहले भी कई बार चेताया जा चुका है। अभियान के दौरान यदि इस बार अतिक्रमण की स्थिति मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।