पिहानी (हरदोई)। कूड़ा निस्तारण के लिए बनवाए गए मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर की नगरीय निकाय के जिम्मेदारों ने सुधि ली। अधिशासी अधिकारी ने बंद पड़े एमआरएफ सेंटर का जायजा लिया। उन्होंने ठेकेदार को एक सप्ताह के अंदर मशीनों को चालू कराने के निर्देश दिए।
नगर पालिका परिषद क्षेत्र में घरों और सार्वजनिक स्थानों से निकलने वाले कूड़ा निस्तारण के लिए बनवाए गए एमआरएफ सेंटर के बंद होने की खबर अमर उजाला ने सोमवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित की थी। खबर का संज्ञान लेते हुए अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह ने सेंटर पहुंचकर हकीकत देखी। खराब मशीनों की मरम्मत के लिए उन्होंने संबंधित ठेकेदार से बात की।
उन्होंने कहा कि मशीनों को एक सप्ताह में इसे चालू कराया जाए। लो वोल्टेज की समस्या पर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता से भी बात की और समस्या निराकरण के लिए कहा। 15 अप्रैल को अमर उजाला ने 40 लाख का एमआरएफ सेंटर बेकार शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था।
अधिशासी अधिकारी ने इसका संज्ञान लेते हुए कर्मचारी गोपाल कृष्ण व अरुण अग्निहोत्री के साथ एमआरएफ सेंटर में मशीनों की स्थिति देखी। बताया कि पानी आदि भर जाने के कारण कई मशीनें काम नहीं कर रही हैं। स्पंज मशीन लो वोल्टेज के कारण काम नहीं कर रही है। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह में एमआरएफ सेंटर की मशीन काम करना शुरू कर देंगी।