पिहानी (हरदोई)। स्वच्छता का संदेश देने वाले जिम्मेदार ही ठेले वालों को सबक सिखाने के नाम पर ऐसी हरकत कर बैठे, जिससे लोग बीमारी की चपेट में आ सकते हैं। उन्होंने सड़क पर पड़े फलों के छिलकों को ताजे फलों के ऊपर डलवा दिया। उनका कहना है कि हिदायत के बाद भी ठेले वाले कूड़ेदान नहीं रखते। इस कारण ये कदम उठाना पड़ा। अब उनसे कौन कहे कि पालिका इतनी सजग होती तो जगह-जगह गंदगी के ढेर नहीं लगते। मामले का वीडियो वायरल होते ही इसकी आलोचना हो रही है।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अधिशासी अधिकारी अहिरबन लाल के इस रवैये की लोगों ने आलोचना की है। उन्होंने गोपामऊ फुटपाथ पर फल विक्रेताओं के ठेले के नीचे व आसपास पड़े छिलकों को सफाई के नाम पर ताजा फलों के ऊपर डलवा दिया। दुकानदारों ने न चाहते हुए भी इसे बर्दाश्त किया।
इतना कराने के बाद अतिक्रमण और कूड़ा न डालने की हिदायत देकर ईओ आगे बढ़ गए। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। काफी लोगों ने नगर पालिका की ओर पर्याप्त कूड़ेदान नहीं रखवाने और घोटालों का हवाला देकर इओ को निशाने पर लिया है।
अधिशासी अधिकारी अहिबरन लाल ने कहा कि बार बार कहने के बावजूद दुकानदार कूड़ेदान नहीं रख रहे हैं। मजबूरन ये कदम उठाना पड़ा। उनका उद्देश्य गलत नहीं था। वह नगर को स्वच्छ बनाने के लिए प्रयास कर रहे हैं।