फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आपूर्ति ठप, चिकित्सकों ने पेड़ के नीचे बैठकर देखे मरीज

विज्ञापन
सवायजपुर में गर्भवती महिलाओं को पेड़ के नीचे देखती स्टाफ नर्स इंद्रजीत। अमर उजाला - फोटो : HARDOI
विज्ञापन
सवायजपुर/संडीला। गर्मी बढ़ने के साथ ही ओवरलोडिंग और फाल्ट के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित होने लगी है। हाल ये है कि सवायजपुर और संडीला सीएचसी में तीन दिन से बिजली नहीं आ रही है। इसके कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं। गर्मी से परेशान चिकित्सकों ने सोमवार को बरामदे और पेड़ के नीचे बैठकर मरीज देखे। मरीज धूप में घंटों लाइन में खड़े नजर आए।
विज्ञापन

सवायजपुर कस्बा स्थित सीएचसी की लाइट सवायजपुर नगर फीडर से जुड़ी है। तीन दिन से सीएचसी के पास लगे ट्रांसफार्मर का तार टूटा है, जिसके चलते सीएचसी की आपूर्ति ठप है। रविवार दोपहर सवायजपुर कस्बे की आपूर्ति भी ठप हो गई। गर्मी से परेशान लोगों ने सब स्टेशन पर फोन किया तो कर्मी सही जानकारी नहीं दे सके। लाइट न आने के कारण सोमवार को गर्मी से परेशान सीएचसी के चिकित्सकों व स्टाफ ने बरामदे व पेड़ के नीचे बैठकर मरीज देखे। सीएचसी कर्मियों ने बताया कि तीन दिन से लाइट न आने के कारण यहां भर्ती मरीज, तीमारदारों के साथ ही स्टाफ भी बेहाल है। इन तीन दिनों में महिलाओं के प्रसव भी कराए गए हैं, सीएचसी मेें जनरेटर नहीं है। लाइट न आने के कारण इंवर्टर भी बेकार पड़े हैं। मजबूरन टार्च की रोशनी में प्रसव कराने पड़े। शिकायत के बाद भी अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
कुछ ऐसा ही हाल संडीला का है। शुक्रवार को हुई लगातार ट्रिपिंग के बाद शनिवार को आपूर्ति ठप हो गई। इसके बाद से नगर की आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी। गर्मी से परेशान लोगों ने फोन मिलाया तो सभी अधिकारियों के नंबर स्विच ऑफ आए। लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने उपकेंद्र गए तो कर्मियों ने उनके साथ अभद्रता की। सीएचसी में मरीज, तीमारदार और कर्मी बेहाल रहे। सोमवार को अधिक उमस होने पर चिकित्सक कमरों से बाहर आ गए और परिसर में पेड़ के नीचे मरीज देखने शुरू कर दिए। सीएचसी अधीक्षक शरद वैश्य ने बताया कि बिजली विभाग में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
विज्ञापन

डीएम के निर्देश के बाद भी नहीं लगा जनरेटर
सवायजपुर। कस्बे में विद्युत आपूर्ति की समस्या लंबे समय से चल रही है। सर्दी के मौसम को छोड़ दें तो लगभग हर बार गर्मी में सीएचसी प्रशासन को ऐसे ही हालातों का सामना करना पड़ता है। शिकायत मिलने के बाद कुछ माह पूर्व ही डीएम पुलकित खरे ने सीएमओ को सीएचसी में जनरेटर लगवाने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक उनके निर्देशों पर अमल नहीं किया जा सका है। स्टाफ का कहना है कि जनरेटर लगने से मरीजों व तीमारदारों को राहत मिलेगी। साथ ही वैक्सीन आदि भी लंबे समय तक सुरक्षित रखी जा सकेंगी।
एसडीओ बोले बहाल कर दी गई आपूर्ति
सवायजपुर। तीन दिन से बाधित चल रही सीएचसी की लाइट सोमवार को भी बहाल नहीं की जा सकी है। हालांकि रविवार से ठप चल रही सवायजपुर कस्बे की आपूर्ति सोमवार दोपहर बामुश्किल बहाल की जा सकी। एसडीओ शाहाबाद रणधीर कुमार ने बताया फाल्ट आने के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी। सोमवार को आपूर्ति बहाल कर दी गई है। बताया कि कस्बा वासियों से उपकेंद्र पर कर्मियों के न मिलने की शिकायत मिली है। अनुपस्थित कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सबके नंबर बंद, विधायक ने एमडी से की शिकायत
संडीला। लोगों ने रविवार को विधायक राजकुमार अग्रवाल से मिलकर उन्हें शनिवार से नगर की आपूर्ति ठप होने की जानकारी दी। बताया कि कोई भी कर्मी व अधिकारी कस्बे में नहीं रुकता, दोपहर होते ही सब लखनऊ चले जाते हैं। मामला संज्ञान में आने पर विधायक ने अधिशासी अभियंता संडीला, उपखंड अधिकारी, जेई और पावर हाउस का सीयूजी नंबर मिलाया तो सब नंबर स्विच ऑफ मिले। विधायक ने इस पर नाराजगी जताई और बिजली विभाग के एमडी से पूरे मामले की शिकायत की। विधायक ने कहा कि अधिकारियों व कर्मचारियों का यह रवैया बेहद खराब है। वह इसकी शिकायत शासन में करेंगे।
शाहाबाद में भी पांच घंटे बाधित रही आपूर्ति
शाहाबाद में संविदा कर्मियों के हड़ताल पर होने के कारण सोमवार को बिजली आपूर्ति बाधित रही। अतिरिक्त कर्मचारी विद्युत उपकेंद्र पहुंचे, लेकिन ताला डालकर चलते बने। पांच घंटे बाद विद्युुत आपूर्ति बहाल हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें