फोटो 49: किसान दिवस में समस्याएं सुनतीं सीडीओ नेहा ब्याडवाल व अधिकारी और मौजूद किसान। संवाद
हरदोई। किसान दिवस में किसानों ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती और लगातार आठ घंटे बिजली न मिलने का मुद्दा उठाया। बताया कि लगातार बिजली न मिलने से गेहूं की फसल की सिंचाई प्रभावित होती है। वहीं सड़क और नहर पटरियों के किनारे झाड़ियों की भी समस्या उठाई।
सीडीओ नेहा ब्याडवाल ने किसान दिवस की अध्यक्षता की। किसानों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को समय से निराकरण के निर्देश दिए। विकास भवन में किसान दिवस में किसानों ने गेहूं फसल की सिंचाई के लिए गूल और कुलावों की सफाई की मांग की। नहरों की पटरियों की सफाई कराई जाए। सड़कों की पटरियों की मरम्मत और किनारे की झाड़ियों की कटाई-सफाई कराई जाए। धान खरीद के लिए किसानों की समस्याओं का समाधान कराया जाए। विद्युत निगम की ओर से गेहूं की सिंचाई के दिन में एकमुश्त आठ घंटे विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था की मांग की। इस पर सीडीओ ने जिला कृषि अधिकारी से कहा कि आगामी दिनों में होने वाली धान खरीद और नहर सफाई की बैठक में किसान यूनियन के पदाधिकारियों का भी प्रतिभाग सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि दिन में निर्बाध आपूर्ति के लिए उच्च स्तर को आवश्यक पत्राचार करें। किसानों से अपील कि स्व-गणना में प्रतिभाग के साथ लोगों को जागरूक करें। निराश्रित मवेशियों के संरक्षण पर किसान संगठन प्रतिनिधियों ने प्रशासन के अभियान की सराहना की। इस मौके पर सीएमओ डॉ. एके सचान, सीवीओ डॉ. एके सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीश चंद्र पाठक, एलडीएम अरविंद रंजन, पीडब्ल्यूडी एक्सईन मनिंदर सिंह, किसान यूनियन से राज बहादुर सिंह, अशोक राठौर, नायब सिंह, प्रकट सिंह, राहुल मिश्रा, रूपलाल कोरी, प्रेम सागर, विकास चौहान और प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।