हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लक्ष्मीपुरवा निवासी बिजली मैकेनिक ने शनिवार रात घर में फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव कमरे में पंखे से लटकता मिला। वह शराब पीने का लती था। इसी बात को लेकर पत्नी से कहासुनी हुई थी। रविवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लक्ष्मीपुरवा निवासी मदन (45) बिजली मैकेनिक था। वह शराब पीने का लती था। शनिवार शाम को वह शराब पीकर घर पहुंचा था। इसी बात को लेकर पत्नी माया देवी से उसकी कहासुनी हुई थी।
खाना खाने के बाद रात करीब 9 बजे मदन पत्नी और बच्चों के साथ छत पर सोया था। रविवार सुबह लगभग छह बजे माया जागी तो मदन बिस्तर पर नहीं था। माया छत से उतर कर कमरे में पहुंची तो उसको मदन का शव फंदे से लटकता मिला।
मदन ने पंखे से केबल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। माया के चीख-पुकार मचाने पर सभासद अजीत पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल कमलेश नारायण पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। इस संबंध में परिजनों ने किसी आरोप से इनकार किया है। उनको कोई तहरीर नहीं मिली है।